
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत आजाद नगर गोकलपुर में बदमाशों ने जमकर उपद्रव मचाया। एक घर में घुसकर न केवल मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आई महिला के सिर पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल महिला फिलहाल मेडिकल कॉलेज में अचेत अवस्था में है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि ओमप्रकाश सोमकुंवर (56 ) के घर रात करीब 11:30 बजे मोहल्ले के लड्डू, आकाश, टकला और छोटू अन्ना अनिल यादव ने दरवाजे पर लातें मारनी शुरू कर दीं। जैसे ही ओमप्रकाश और उनकी पत्नी श्रीमती बबीता अहिरवार ने बाहर निकलकर मना किया तो चारों आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान आरोपी लड्डू ने जान से मारने की नीयत से पास पड़ा एक भारी पत्थर उठाया और बबीता के सिर पर दे मारा। प्रहार इतना जोरदार था कि बबीता वहीं खून से लथपथ होकर बेहोश हो गईं। परिजनों के बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
3 अस्पतालों के काटे चक्कर, हालत गंभीर
परिजनों ने तत्काल घायल बबीता को रांझी शासकीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें विक्टोरिया अस्पताल रिफर किया गया। स्थिति में सुधार न होने और सिर की गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें अंततः मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया है, जहाँ वे फिलहाल जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। पुलिस ने ओमप्रकाश सोमकुंवर की रिपोर्ट पर आरोपी लड्डू, आकाश, टकला और छोटू अन्ना के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
