चक्काजाम करने वाले आरोपियों पर मामला दर्ज

सीधी/मझौली। शव को राजमार्ग में रखकर चक्काजाम करने वाले आरोपियों के विरूद्ध मझौली थाना पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। चक्काजाम के चलते मझौली-सीधी राजमार्ग में करीब 4 घंटे अवरूद्ध रहा।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, एएसपी श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मझौली उनि. विशाल शर्मा के नेतृत्व में सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर यातायात बाधित करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की गई है। 23 जुलाई 2026 को थाना मझौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुई में एक मृतक का शव पोस्टमार्टम हेतु एम्बुलेंस से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर शव को सीधी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचों-बीच रख दिया तथा बड़ी संख्या में एकत्र होकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा शासन-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए लगभग 5 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित किया गया, जिससे आम नागरिकों एवं यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी मझौली, मड़वास, कुसमी, चौकी प्रभारी पथरौला सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक समझाइश देकर मार्ग खोलने का लगातार प्रयास किया गया, किन्तु उनके द्वारा चक्काजाम समाप्त नहीं किया गया और यातायात बाधित रखा गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना मझौली पुलिस द्वारा शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों एवं वीडियो फुटेज के आधार पर चक्काजाम कर लोक मार्ग अवरुद्ध करने वाले नामजद एवं अन्य आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 126(2), 191(2), 190, 285 तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 2004 की धारा 33/58 अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

००

सीधी पुलिस की अपील

सीधी पुलिस आमजन से अपील की है कि किसी भी समस्या या मांग के समाधान हेतु विधिसम्मत एवं शांतिपूर्ण माध्यम अपनाएं। सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध कर आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करना कानूनन दंडनीय अपराध है। कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी निष्पक्ष एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

००

चक्काजाम करने का बढ़ा प्रचलन

जिले में शव मुख्य मार्ग में रखकर चक्काजाम करने का प्रचलन कुछ अर्से से बढ़ा है। खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों में किसी वारदात में मौत होने पर लोग अकारण ही शव सडक़ में रखकर चक्काजाम शुरू कर देते हैं। चक्काजाम हो जाने पर मुख्य मार्ग में आवागमन घंटों पूरी तरह से अवरूद्ध हो जाता है और लोगों का भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

०००००००००००

Next Post

पेपर लीक के विरोध में युवा छात्र संगठन का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

Fri Jul 24 , 2026
सीधी। देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर चुरहट के युवा छात्र संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने कहा कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की […]

You May Like