पेपर लीक के विरोध में युवा छात्र संगठन का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

सीधी। देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर चुरहट के युवा छात्र संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने कहा कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और भविष्य को संकट में डाल दिया है जिससे युवाओं में गहरी निराशा और असंतोष व्याप्त है।

ज्ञापन में कहा गया कि जब प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष नहीं होंगी तो प्रतिभा, परिश्रम और संविधान द्वारा प्रदत्त समान अवसर के अधिकार का महत्व समाप्त हो जाएगा। छात्रों ने मांग की कि देशभर में हुई सभी पेपर लीक घटनाओं की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल माफियाओं, दोषियों और लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। युवा छात्र संगठन ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से मजबूत बनाने, शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार और छात्रों के बीच नियमित संवाद स्थापित करने तथा व्यापक शिक्षा सुधार नीति लागू करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिक्षा व्यवस्था में आई गंभीर विफलताओं की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देने अथवा सरकार से इस संबंध में उचित निर्णय लेने की मांग भी की गई। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से आकाश आजाद भागत सिंह, सुखनंदन सोनी भैया, सतेन्द्र कुशवाहा छोटू, सान अली ख़ान, भोले सेन, मयंक कुमार गुप्ता, सुल्तान ख़ान, अजीत गुप्ता, आशीष गुप्ता, मोहम्मद अर्श, शिव कुमार रावत, आयुष सिंह बघेल, कृष्णा सिंह बघेल, शशांक सिंह, रामराज पटेल, सोमू सिंह ठाकुर, अजीत सांडा, सानू सिंह बघेल, राज विश्वकर्मा, आशीष मिश्रा, शौर्य सेन सहित युवा छात्र युवा शामिल हुए।

००

शराब दुकान हटाने की मांग

छात्रों ने स्थानीय समस्या उठाते हुए कहा कि चुरहट स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लगभग 200 मीटर के दायरे में संचालित विदेशी शराब दुकान के कारण छात्राओं में भय और असुरक्षा का वातावरण बना रहता है। संगठन ने मांग की कि उक्त शराब दुकान को विद्यालय से कम से कम दो किमी. दूर स्थानांतरित किया जाए। ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि उनकी आवाज किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष की नहीं बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य की आवाज है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

०००००००००००

Next Post

साइबर ठगी के पैसों से खरीदा सोने का सिक्का

Fri Jul 24 , 2026
​ग्वालियर। शहर के सराफा बाजार स्थित ‘गहना जेम्स एंड ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड’ में एक ठग द्वारा साइबर ठगी के पैसों से 50 ग्राम सोने का सिक्का खरीदने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आरोपी ने ज्वेलर्स को ऑनलाइन पेमेंट कर सिक्का तो खरीद लिया, लेकिन बाद में बेंगलुरु पुलिस का […]

You May Like