पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर द्वारा अलीराजपुर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण

आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर श्री अनुराग, भापुसे द्वारा वार्षिक निरीक्षण के निर्धारित रोस्टर अनुसार जिला अलीराजपुर का दिनांक 07 अक्टूबर 2026 से दो दिवसीय भ्रमण किया जा रहा है।

वार्षिक निरीक्षण के क्रम में दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा प्रातः परेड ग्राउंड पहुंचकर निरीक्षण परेड की सलामी ली गई तथा परेड का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात बलवा ड्रिल का प्रदर्शन कराया गया तथा बलवा नियंत्रण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस वाहनों का भी निरीक्षण कर उनके उचित रख-रखाव एवं नियमित देखरेख के संबंध में निर्देशित किया गया। पश्चात पुलिस लाइन पहुंचकर सैनिक सम्मेलन में सम्मिलित हुए, जहां पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। सैनिक सम्मेलन के दौरान थाना उदयगढ़, थाना आजादनगर, थाना चांदपुर, थाना नानपुर, रक्षित केन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय अलीराजपुर को ISO प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वार्षिक निरीक्षण के तहत पुलिस लाइन बोरखड़ परिसर में नवीन चिल्ड्रन पार्क का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात रक्षित निरीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केन्द्र का वार्षिक निरीक्षण करते हुए एमटी शाखा, आर्म्स शाखा, कैश शाखा, स्टोर शाखा तथा बोरखड़ लाइन परिसर स्थित शासकीय आवासों का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वार्षिक निरीक्षण के परिप्रेक्ष्‍य में पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में दर्ज अपराधों का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए समस्‍त लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, चालान, समंस/वारंट तामीली एवं CM हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए। संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए ऐसे अपराधों में शत-प्रतिशत पतारसी एवं बरामदगी सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपराध समीक्षा के पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यों एवं प्रकरणों के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। वार्षिक निरीक्षण भ्रमण के साथही ही दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा आंबुआ/जोबट में आयोजित जन विश्वास अभियान कार्यक्रम में सम्मिलित होकर आमजन से संवाद किया जाना प्रस्तावित है। इसके पश्चात वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में जिले के थानें का निरीक्षण किया जाना भी प्रस्तावित है।

पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर श्री अनुराग, भापुसे द्वारा जिले के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, रक्षित केन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गये हैं।

Next Post

कांग्रेस ने लोकतंत्र के काले दिवस के विरोध में वोट बचाओ देश बचाओ पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन किया

Thu Oct 8 , 2026
पेटलावद, दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे राहुल गांधी जी, श्रीमती प्रियंका गांधी जी एवं इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ किए गए लाठीचार्ज एवं दुर्व्यवहार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी झाबुआ द्वारा लोकतंत्र के काले दिवस के […]

You May Like