भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट बैठक एक नई मिसाल कायम करेगी। सुशासन, सादगी और शासकीय संसाधनों के मितव्ययी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य अपने शासकीय वाहन और सुरक्षा काफिले को सीएम हाउस में छोड़कर सामूहिक रूप से इलेक्ट्रिक बसों से बैठक स्थल पहुंचेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और उनका स्टाफ सुबह सीएम हाउस पहुंचेंगे। यहां से तीन इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से सभी सदस्य एक साथ जगदीशपुर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान मंत्रियों के व्यक्तिगत वाहन, पायलट और फॉलो वाहन सीएम हाउस में ही रहेंगे।
इसी तरह कैबिनेट बैठक में शामिल होने वाले वरिष्ठ अधिकारी भी अपने शासकीय वाहन कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में छोड़ेंगे और सुबह वहां से इलेक्ट्रिक बसों के जरिए सामूहिक रूप से बैठक स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे।
सरकार का कहना है कि इस पहल से ईंधन की बचत होगी, सरकारी संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कदम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उस सोच को भी दर्शाता है, जिसमें शासन के प्रत्येक स्तर पर सादगी, मितव्ययिता और जनता के धन के विवेकपूर्ण उपयोग को प्राथमिकता दी जा रही है।
