
माॅस्को, 13 मई (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से घोषित तीन दिवसीय विजय दिवस युद्धविराम के दौरान यूक्रेनी हमलों में कुल 23 नागरिक घायल हुए जिनमें छह की मौत हो गई है।
रूस के विदेश मंत्रालय के कीव की ओर से किए गए हमलों पर राजदूत रोडियोन मिरोश्निक ने स्पुतनिक को बताया कि तीन दिवसीय युद्धविराम के दौरान यूक्रेनी हमलों में रिहायशी इमारतें, मेडिकल वाहन, आम नागरिकों की कारें और व्यापारिक ठिकाने क्षतिग्रस्त हुए। हमलों में 23 नागरिक घायल हुए, जिनमें से छह की मौत हो गई।
कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी बलों ने एचआईएमआरएस रॉकेट लांचर और विमान बमों जैसे भारी हथियारों का इस्तेमाल किया, जबकि बेलगोरोड क्षेत्र में नौ मई को एक ड्रोन से स्थानीय प्रशासन की इमारत पर हमला किया गया। इस हमले में बेलगोरोड क्षेत्र के उप-गवर्नर अलेक्जेंडर लोरेन्ट्स और एक रूसी नेशनल गार्ड अधिकारी घायल हुए। पांच-11 मई के बीच यूक्रेनी हमलों में 21 लोग मारे गए, जबकि 70 लोग घायल हुए। यूक्रेनी बलों ने 2,636 से अधिक गोले दागे, जिनमें रॉकेट सिस्टम, आर्टिलरी शेल्स, ग्रेनेड, माइन और ड्रोन शामिल थे।
श्री मिरोश्निक ने कहा कि अधिकतर हथियार जो यूक्रेनी सेना ने नागरिकों पर हमलों के लिए इस्तेमाल किए, वे पश्चिमी देशों ने बनाए हैं। विजय दिवस से पहले, राष्ट्रपति पुतिन ने स्थानीय समयानुसार आठ मई मध्यरात्रि से 11 मई मध्यरात्रि तक युद्धविराम की घोषणा की थी।
