चित्रकूट के दीपावली मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में

सतना /चित्रकूट,  में आयोजित होने वाले दीपावली मेला को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में है. इस बार यह मेला 6 से 10 नवंबर तक होने वाला है. मेले को दृष्टिगत रखते हुए नगर परिषद चित्रकूट द्वारा मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न घाटों, मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।

गौरतलब है कि इस वर्ष चित्रकूट में आयी मन्दकिनी की भीषण बाढ़ से नदी के तट से लगे क्षेत्र में तबाही के कारण भारी क्षति हुई थी.इसके बाद से प्रशासन के आला अधिकारी लगातार इस प्रयास में लगे थे कि मेला के पहले सभी व्यवस्थाओं को पूर्व की भांति संचालित कर दिया जाया. सम्भागीय आयुक्त शीलेन्द्र सिंह,चित्रकूट विकास प्राधिकरण के पदाधिकारी एवं अनुविभाग स्तर के अधिकारी कई दौर की बैठक कर व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्ययोजना पर विचार विर्मश कर चुके हैं.सबसे ज्यादा जोर चित्रकूट कस्बे के दोनों हिस्से को जोड़ने वाले पुल के बाढ़ में धराशायी हो जाने के कारण उसके वैकल्पिक मार्ग को लेकर दिया जा रहा था.वर्तमान में पीपा पुल बनाकर मन्दकिनी के इस पार से उस पार जाने के व्यवस्था की गई है.

नगर पंचायत का विशेष अभियान

नगर परिषद द्वारा पुराने नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित घाट की सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही हनुमान धारा क्षेत्र एवं हनुमान धारा से नया गांव मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। छोटे पुल के पास गधा बाजार क्षेत्र में भी साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भरत घाट पर लाइट लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। स्फटिक शिला मार्ग के डिवाइडर की पुताई कर मार्ग को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जा रहा है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कैमरे लगाने का कार्य भी प्रारंभ किया गया है। दीपावली अमावस्या मेले के दौरान देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के चित्रकूट पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर परिषद द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

पांच से ही तैनात होंगे अधिकारी, कर्मचारी

दीपावली मेला चित्रकूट की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर डॉ सतीश एस ने सोमवार को समय सीमा की बैठक में कहा कि गत वर्ष मेला के अनुरूप व्यवस्थाओं में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को स्थल का निर्धारण कर जिम्मेदारियां सौपी गई है। नगर पंचायत के सीएमओ अपने संसाधन के साथ पेयजल, साफ-सफाई, चलित शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं को मेला अवधि में सुचारू बनाये रखेंगे। भीड प्रबंधन के दौरान डयूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी ब्लू कलर की जैकेट में रहेंगे, ताकि कर्मियों को आसानी से पहचाना जा सके। डयूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी 4 नवम्बर को चित्रकूट पहुंचकर रोल कॉल करें और 5 नवम्बर से अपने कर्तव्य स्थल पर तैनात हो जाये। आश्रय स्थलों, एलईडी, खोया-पाया केन्द्र, साइनेज, पार्किंग, लाइटिंग, प्रकाश और आवागमन तथा विद्युत, पेयजल व्यवस्थायें 5 नवम्बर से कार्यरत रहेगी।

Next Post

हाटकेश्वर धाम सेमलिया बड़ा में 24 नवंबर को मनाया जाएगा 36वां वार्षिक उत्सव

Mon Nov 2 , 2026
झाबुआ. झाबुआ जिले के प्रसिद्ध हाटकेश्वर धाम सेमलिया बड़ा ग्राम में आगामी 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर का 36वां वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर 1 नवंबर को एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया। हाटकेश्वर धाम को आदिवासी […]

You May Like