
इंदौर. एमआईजी क्षेत्र में एक गैरेज से निकलते धुएं को लेकर हुए विवाद में मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है. जिसमें एक दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं, मामले में पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.
थाना प्रभारी सीबीसिंह ने बताया कि श्रीनगर मेन क्षेत्र में आर्थव रेस्टोरेंट के पास 36 वर्षीय पंकज परदेशी निवासी शांति नगर की दुकान पर परिवेश साहू आया और वहां मौजूद नौकर गुड्डू उर्फ अब्दुल खान से कहा कि दुकान से निकलने वाला धुआं परेशानी पैदा कर रहा है. जब अब्दुल खान ने जवाब दिया कि गैरेज में थोड़ा-बहुत धुआं तो उठता ही है, तो इस बात पर विवाद बढ़ गया. परिवेश साहू ने नौकर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर पंकज परदेशी की कलाई पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया. इसी दौरान परिवेश साहू का नौकर अजय सिंह ठाकुर भी मौके पर पहुंचा और उसने भी गाली-गलौज करते हुए टामी लोहे का औजार से हमला कर दिया, जिससे पंकज परदेशी के सिर में गंभीर चोट आई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने परिवेश साहू और अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
