सिंगापुर, 12 जून, (वार्ता) सेम्बकॉर्प इंडस्ट्रीज (सेम्बकॉर्प) को उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अक्षय ऊर्जा सहायक कंपनी सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (एसजीआईपीएल) के माध्यम से सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसईसीआई) से पहली 50 मेगावाट की राउंड-द-क्लॉक परियोजना का ठेका मिला है।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि यह बिल्ड-ओन-ऑपरेट परियोजना अंतरराज्यीय ट्रांसमिशन सिस्टम से जुड़ी अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं से राउंड-द-क्लॉक (आरटीसी) बिजली के लिए एसईसीआई की 1.2 गीगावाट निविदा का हिस्सा है।
सेम्बकॉर्प अनुबंधित क्षमता को पूरा करने के लिए सौर, पवन और बैटरी ऊर्जा भंडारण समाधान (बीईएसएस) सहित लगभग 300 मेगावाट स्थापित क्षमता को एकीकृत करेगा। इस परियोजना के साथ, सेम्बकॉर्प भारत में अपनी अक्षय ऊर्जा क्षमताओं को बढ़ाएगा, जिससे इसकी सकल अक्षय ऊर्जा क्षमता 6.5 गीगावाट से अधिक हो जाएगी। वैश्विक स्तर पर, सेम्बकॉर्प का कुल नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो 18 गीगावॉट तक पहुंच गया है, जिसमें अधिग्रहण भी शामिल है।
एसईसीआई के साथ 25-वर्षीय बिजली खरीद समझौते के साथ परियोजना के पूरा होने पर यह एसईसीआई को बीईएसएस द्वारा समर्थित आरटीसी नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति करेगा। बिजली खरीद समझौते पर हस्ताक्षर करने की तिथि से 24 महीनों के भीतर परियोजना के वाणिज्यिक संचालन के लिए तैयार होने की उम्मीद है। परियोजना को आंतरिक निधियों और ऋण के मिश्रण के माध्यम से वित्तपोषित किया जाएगा।

