सीहोर। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के नेतृत्व में 6 अगस्त को हुई भव्य कांवड़ यात्रा में देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचे. सीवन नदी घाट से शुरू होकर कुबेरेश्वरधाम तक हुई यात्रा में अव्यवस्था के कारण सात श्रद्धालुओं की मौत ने सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए. आयोजन के बाद धाम और आसपास के गांवों में कचरे का अंबार, प्लास्टिक बोतलें व गंदगी फैलने से बदबू और बीमारी का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि समिति ने सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की. पंचायत के पास पर्याप्त सफाई अमला न होने से समस्या विकराल बनी हुई है।
इसके साथ ही, धाम संचालित करने वाली विठलेश सेवा समिति पर नापला खेड़ी ग्राम पंचायत का चार लाख रुपए से अधिक संपत्ति कर बकाया है.करीब एक लाख स्क्वेयर फीट क्षेत्र में बने दुकान, गेस्ट हाउस और धर्मशाला से वाणिज्यिक आय होने के बावजूद समिति ने 2024 का टैक्स नहीं चुकाया.पंचायत नोटिस देने पहुंची, लेकिन प्रबंधक लेने को तैयार नहीं हुए. यहां लगभग 200 दुकानें, धर्मशाला और गेस्ट हाउस का किराया समिति के पास जाता है, जिससे विवाद और बढ़ गया है.
