
मुरैना। जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र में ईको वैन और ट्रैक्टर की टक्कर में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए सरायछोला थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि यह हादसा आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब ईको वैन में सवार जैन परिवार के सदस्य उत्तरप्रदेश के टूंडला से दतिया जिले के जैन तीर्थ क्षेत्र सोनागिरी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना नायकपुरा मोड़ के पास हुई। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान प्रशांत जैन, प्रकाश जैन, पुष्पा जैन, अर्जुन जैन, दीपा जैन, संतोष कुमारी और द्रव्य जैन के अलावा वैन चालक के रूप में हुई है।
सभी घायलों को मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं को ले जा रही वैन की टक्कर जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई वह सरसों बेचकर लौट रही थी।
