
सागर। जिले के रहली पुलिस एवं प्रशासनिक टीम द्वारा घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के संचालित अवैध पटाखा गोदाम पर दबिश देकर लगभग ₹60,000/- कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को नामजद कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड क्रमांक 10 रहली निवासी उत्तमचंद जैन द्वारा घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित “पप्पन (प्राइम स्नेक्स)” के गोदाम में बिना किसी वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। तलाशी के दौरान गोदाम की दूसरी मंजिल स्थित हॉल में बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे खुले में रखे हुए तथा कार्टूनों एवं बोरियों में भरे हुए पाए गए।
मौके पर सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, अनारदाना, रॉकेट, लड़ी वाले पटाखे, फुलझड़ी सहित अन्य प्रकार की आतिशबाजी एवं विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी से पटाखों के क्रय-विक्रय एवं भंडारण संबंधी वैध लाइसेंस तथा दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी द्वारा लगभग तीन दिन पूर्व सागर से पटाखे लाकर उक्त गोदाम में बिना लाइसेंस के भंडारित करना स्वीकार किया गया।थाना रहली पुलिस द्वारा आरोपी उत्तमचंद्र जैन के विरुद्ध धारा 288, 125 भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023, धारा 9(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के साथ साथ आरोपी को धारा 35(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के अंतर्गत नोटिस तामील कराकर नियमानुसार पाबंद किया गया है।
