पटना, 2 जुलाई (वार्ता) भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने गुरुवार को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले पर कहा कि जिस भी पुलिस अधिकारी ने यह गलत काम किया है, उसके खिलाफ कड़ी कर्रवाई होनी चाहिए।
सुश्री ठाकुर ने कहा कि कानून सबके लिए समान है और दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने इस पर शीघ्र संज्ञान लिया है और इसकी न्यायिक जाँच के आदेश दिए हैं।
भाजपा विधायक ने कहा कि बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार ने अपराध के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है और इसके परिणाम विभिन्न इलाकों में दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र अलीनगर के तीनों थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था में गुणात्मक सुधार आया है। उन्होंने कहा व्यवस्था बेहतर होने के बाद उन्हें अपने क्षेत्र में होने वाली घटनाओं के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहती है।
सुश्री ठाकुर ने कहा कि भरत तिवारी मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिसमे भविष्य में किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं हो तथा लोगों का न्यायिक प्रक्रिया में भरोसा बढे।
