
रीवा, रीवा ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में शहर के रिवर फ्रंट को देश में पहला स्थान मिला है. बीहर नदी के किनारे विकसित रिवर फ्रंट और घाटों की स्वच्छता ने रीवा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है. इस उपलब्धि के साथ ही मध्य प्रदेश के दूसरे शहरों ने भी अलग-अलग आबादी और स्वच्छता श्रेणियों में अपनी जगह बनाई है.
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के विजेता शहरों को सम्मानित किया. इस बार मध्य प्रदेश के कुल नौ शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है. इनमें रीवा, जबलपुर, इंदौर, देपालपुर, देवास, उज्जैन, ग्वालियर, बुधनी और सागर शामिल हैं.
रीवा के रिवर फ्रंट ने देश में हासिल किया पहला स्थान
रीवा के लिए यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि शहर को रिवर फ्रंट श्रेणी में देश में पहला स्थान मिला है. बीहर नदी रीवा की प्रमुख नदियों में शामिल है और शहर के बीच से गुजरती है. नदी के किनारों पर घाट, पहुंच मार्ग और सार्वजनिक उपयोग के स्थान विकसित किए गए हैं. रिवर फ्रंट विकास का उद्देश्य नदी तट को व्यवस्थित बनाने के साथ वहां स्वच्छता, बेहतर पहुंच और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है.
रिवर फ्रंट के विकास में नदी किनारे की सफाई, घाटों का रखरखाव, तटों का सौंदर्याकरण और आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित करना महत्वपूर्ण पहलू हैं. ऐसे स्थानों पर नियमित सफाई के साथ कचरे का उचित निस्तारण और गंदे पानी को नदी में जाने से रोकना भी जरूरी होता है.
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26
:-स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण में देशभर के 4,751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया
:-रीवा ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रिवर फ्रंट श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया
:-रीवा संभाग के 9 नगरीय निकायों के 15 घाट नदी-आधारित मूल्यांकन के दायरे में रखे गए
:-नदी तटों की सफाई के लिए कचरा प्रबंधन, सीवेज निस्तारण और घाटों की स्वच्छता जैसे मानक तय किए
