
रीवा/ आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिवसीय इस अनुष्ठान को लेकर रीवा में तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, वहीं बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं।
हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू ने बीहर नदी स्थित बाबाघाट पर व्रतधारियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं का दायित्व समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं भोजपुरी उत्सव सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नंदजी तिवारी, श्रीप्रकाश तोमर, अजय उपाध्याय और सुरेश राय को सौंपा है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से बाबाघाट की समुचित साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही 15 एवं 16 नवंबर को घाट पर सुरक्षाकर्मियों और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती तथा जयस्तंभ से विक्रम पुल और बाबाघाट-घोंघर मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की अपील की है।
चार दिनों तक होंगे विशेष अनुष्ठान
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नंदजी तिवारी ने बताया कि 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ व्रती महिलाएं स्नान-ध्यान कर व्रत का संकल्प लेंगी। इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा। 14 नवंबर को खरना होगा, जिसमें व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी।
15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया जाएगा। इस महापर्व में परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और आरोग्य की कामना की जाती है।
बाजारों में बढ़ी रौनक-
छठ पर्व को लेकर बाजारों में सूप-दउरा, गन्ना, फल-फूल, गुड़ और चावल की दुकानें सज गई हैं। सूप-दउरा ओडिशा और झारखंड से, घाघरा नींबू मुजफ्फरपुर से तथा संतरे मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से मंगाए गए हैं। पर्व की तिथियां नजदीक आने के साथ बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
