मुंबई, 24 जून (वार्ता) होर्मूज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही के गति पकड़ने से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी। बीएसई का सेंसेक्स 790.54 अंक (1.04 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 76,991.22 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 197.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत ऊपर 24,021.65 अंक पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांक पिछले कारोबारी दिवस पर एक प्रतिशत से अधिक टूट गये थे।अमेरिका और ईरान के बीच हुए आरंभिक शांति समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही शुरू होने की खबर आने के बाद बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है।
इससे वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.30 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.33 प्रतिशत की बढ़त में रहा। आईटी, बैंकिंग, वित्त, रियल्टी और तेल एवं सेक्टरों के सूचकांक सबसे अधिक चढ़े। ऑटो और धातु सेक्टरों पर बिकवाली का दबाव रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर सवा चार प्रतिशत, ट्रेंट का साढ़े तीन प्रतिशत और टेक महिंद्रा का सवा तीन प्रतिशत चढ़ा। बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक और टीसीएस के शेयर दो से तीन प्रतिशत मजबूत हुए।
अडानी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर एक से दो प्रतिशत तक बढ़त में रहे। बजाज फिनसर्व, टाइटन, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी हरे निशान में रहे। एनटीपीसी में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, बीईएल और भारती एयरटेल के शेयर एक से दो प्रतिशत टूट गये। इटरनल और पावरग्रिड में भी गिरावट रही। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.88 प्रतिशत लुढ़क गया। हांगकांग का हैंग सेंग 0.33 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.11 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.85 फीसदी नीचे है जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई अभी सपाट है।

