
खंडवा। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ओंकारेश्वर आगमन पर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे का एक अभिनव और समाजोपयोगी प्रयास चर्चा का विषय बन गया। परंपरागत फूल-माला और पुष्पगुच्छ की बजाय विधायक ने राष्ट्रपति को पेन, पेंसिल, कॉपी और रबर से तैयार एक विशेष शैक्षणिक गुलदस्ता भेंट कर शिक्षा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने खंडवा विधायक को विशेष रूप से लगभग 1 मिनट का समय दिया, जबकि अन्य सभी से गुलदस्ते लेकर वे आगे बढ़ती रहीं। इस दौरान राष्ट्रपति ने सबके गुलदस्ते लेकर अपने सुरक्षा अधिकारी को सौंपे, लेकिन कंचन तनवे के इस अनूठे गुलदस्ते को हाथ में लेकर फोटो खिंचवाया और इस नवाचार की सराहना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विधायक की इस भावना से प्रभावित होकर वह शैक्षणिक बुके भेंट स्वरूप पुनः विधायक कंचन तनवे को ही सौंप दिया और कहा कि यह उनकी ओर से किसी जरूरतमंद विद्यार्थी को स्वयं अपने हाथों से प्रदान किया जाए। राष्ट्रपति ने इस पहल को शिक्षा और सेवा से जुड़ा प्रेरणादायी प्रयास बताया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विधायक कंचन मुकेश तनवे पहले भी अपने जन्मदिवस सहित विभिन्न अवसरों पर समर्थकों से फूल-माला के स्थान पर पेन, कॉपी और पेंसिल जैसी शैक्षणिक सामग्री भेंट करने का आग्रह करती रही हैं, जिसे बाद में जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाया जाता है। राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत इस अनूठे विचार ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और यह संदेश दिया कि सम्मान का सबसे बेहतर स्वरूप वही है जो समाज के किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके।
