
सीधी। सीधी कोतवाली थानांतर्गत उपनी गांव में एक महिला ने पहले खुद जहर खा लिया फिर अपने डेढ़ साल के बेटे को खिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर बच्चे को गंभीर हालत में रीवा अस्पताल रेफर किया गया है। महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक उपनी निवासी अन्नपूर्णा सिंह पति मनीष सिंह 28 वर्ष और उसके बेटे आयुष सिंह डेढ़ वर्ष को जहर सेवन के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के पति मनीष सिंह का आरोप है कि उनके बड़े भाई यानी महिला के जेठ आनंद सिंह आए दिन गाली-गलौज करते थे। उनका कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद के साथ मारपीट भी होती थी। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी को प्रताड़ित करने की वजह से उसने जहर खाया और बच्चे को भी खिलाया।मनीष सिंह के मुताबिक, इस संबंध में गांव के लोगों को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। महिला पति और दो बच्चों के साथ संयुक्त परिवार में रहती है। परिवार में उनके अलावा सास-ससुर, जेठ-जेठानी और उनके बच्चे हैं।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस रविवार रात करीब 10:30 बजे मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
