भिंड: अटेर थाना अंतर्गत ग्राम प्रतापपुरा स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन से मुफ्त में शराब मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उसे गोली मार दी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल सेल्समैन की पहचान रविंद्र सिंह यादव निवासी ग्राम बिलाव के रूप में हुई है। वह घटना के समय प्रतापपुरा स्थित देशी शराब दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही दो युवक अर्पित कांकर और भूरा भदौरिया वहां पहुंचे। दोनों आरोपियों ने दुकान पर पहुंचते ही रविंद्र सिंह से मुफ्त में शराब की बोतल देने की मांग की।
जब सेल्समैन ने शराब के पैसे लेने की बात कही, तो दोनों युवक भड़क गए। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हिंसक हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पिस्टल निकाल ली और सीधे सेल्समैन पर गोली चला दी। गोली लगते ही रविंद्र सिंह यादव लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सेल्समैन का कहना है कि पहली गोली चलने के बाद आरोपियों की पिस्टल में दूसरी गोली फंस गई थी, जिसके कारण वे दोबारा फायर नहीं कर सके। इसी वजह से उसकी जान बच सकी।फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल में सेल्समैन की हालत गंभीर बताई गई है।
