
उमरिया। जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र अंतर्गत कांचोदर बीट के अमहाईधार में रविवार देर शाम एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के नजदीक एक पालतू गाय का शव भी पड़ा मिला। मवेशी की मौत से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गाय के शिकार को लेकर तेंदुए और बाघ के बीच संघर्ष हुआ होगा, जिसमें तेंदुए की जान चली गई, तेंदुआ करीब 07 से 10 वर्ष का बताया जा रहा है।
घटना स्थल के करीब टाइगर के पदचिन्ह भी मिलने की खबर है, हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और अमला मौके पर पहुंचा तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि तेंदुए की मौत बाघ से संघर्ष के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
