
मंदसौर। भानपुरा थाना क्षेत्र में दो पिस्टल और 700 जिंदा कारतूस से जुड़े मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी तथा दूसरे को उज्जैन जिले के नागदा से पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मामले में आरोपी फरमान खान से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। एक टीम ने आगरा, फतेहपुर सीकरी और मैनपुरी में तलाश करते हुए दीपक उर्फ दीपू (41), निवासी कोतवाली थाना क्षेत्र, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। दूसरी टीम ने नागदा निवासी जुबेर (30) को गिरफ्तार किया। जुबेर पर मामले में दो पिस्टल उपलब्ध कराने का आरोप है।
कार्रवाई में भानपुरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय बुंदेला, भैसोदामंडी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
