जिला अस्पताल में अज्ञात महिला की मौत की गुत्थी उलझी

महिला, ऑटो चालक व युवक किसी की नहीं हुई पहचान
ग्वालियर: जिला अस्पताल में बीमार महिला को इलाज के लिए भर्ती कराने, उसकी मौत होने, युवकों के भाग जाने का मामला पूरी तरह से उलझ कर रह गया है। जिस ऑटो से महिला को लाकर भर्ती कराया गया, पुलिस अभी तक उसका पता नहीं लगा सकी है। युवकों ने जो नाम, पता व मोबाइल नम्बर लिखाए वह तस्दीक करने के बाद फर्जी निकले हैं। न तो नम्बर लग रहा है और न ही महिला लिखाए गए पते की रहने वाली निकली है। मुरार थाना पुलिस ने महिला के शव को मच्युरी में रखवा दिया है। जिला अस्पताल मुरार में ऑटो से बीमार महिला को लेकर 3-4 युवक पहुंचे थे।

युवकों ने महिला का नाम सोनी पति चेतक निवासी चेतकपुरी बताया। कागजी लिखा-पढ़ी होने के बाद महिला की हालत देखते हुए उसे इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया था। कुछ देर इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। इतना पता चलते ही जो युवक महिला को लेकर गए थे, वह वहां से बिना किसी को कुछ बताए भाग निकले। जिला अस्पताल के डॉक्टर व कर्मचारियों ने महिला के साथ आए युवकों को तलाशने की खूब कोशिश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। मामला पूरी तरह से संदिग्ध बन गया था, इसलिए जिला अस्पताल से तुरंत इसकी जानकारी मुरार थाने में दी गई।

जांच के लिए पहुंची मुरार थाने की पुलिस ने सबसे पहले युवकों द्वारा लिखाए गए पते की तस्दीक की तो वह गलत निकला। मोबाइल नम्बर लगाया वह बंद मिला। इसके बाद युवकों की पहचान करने के लिए अस्पताल में लगे सीसीटीवी देखे गए। इसमें युवक तथा वह ऑटो वाला भी नजर आ गया जो महिला को लेकर आया था। पुलिस ने ऑटो का नम्बर लेकर उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता अभी तक नहीं चला है। युवकों का भी कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस इस मामले में बुरी तरह से उलझ कर रह गई है। महिला कौन है, लाने वाले युवक कौन थे, आखिकर महिला के साथ हुआ क्या जैसे सवाल अनुत्तरित हैं।

महिला के फोटो सर्कुलेट किए हैं। नम्बर के आधार पर ऑटो चालक की तलाश करवाई गई, लेकिन उसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। भागने वाले युवकों की पहचान भी नहीं हो पाई है। मामला उलझा हुआ है, जिसे जल्द सुलझाया जाएगा।
मैना पटेल, टीआई, मुरार

Next Post

सकारात्मक सिनेमा को दें बढ़ावा: वाधवानी

Tue Jul 15 , 2025
बासन द वेसल’ फिल्म का हुआ प्रदर्शन ग्वालियर:सतपुड़ा चलचित्र समिति मध्य प्रदेश द्वारा ‘फिल्म आस्वादन’ गतिविधि के तहत शॉर्ट फिल्म ‘बासन द वेसल’ का प्रदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम कैंसर हिल रोड स्थित महात्मा गांधी कॉलेज ऑफ लॉ में आयोजित किया गया।लोक कथा पर आधारित ‘बासन द वेसल’ फिल्म के संवाद […]

You May Like

मनोरंजन