बासन द वेसल’ फिल्म का हुआ प्रदर्शन
ग्वालियर:सतपुड़ा चलचित्र समिति मध्य प्रदेश द्वारा ‘फिल्म आस्वादन’ गतिविधि के तहत शॉर्ट फिल्म ‘बासन द वेसल’ का प्रदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम कैंसर हिल रोड स्थित महात्मा गांधी कॉलेज ऑफ लॉ में आयोजित किया गया।लोक कथा पर आधारित ‘बासन द वेसल’ फिल्म के संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी कॉलेज ऑफ लॉ के संचालक यशपाल तोमर, मुख्य वक्ता सिंधी साहित्य अकादमी के निदेशक राजेश वाधवानी, विशेष अतिथि नाट्य निर्देशक चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार, ‘बासन द वेसल’ फिल्म के निर्देशक जितांक गुर्जर, प्राचार्य डॉ.एसपीएस राघव थे।
मुख्य वक्ता वाधवानी ने कहा कि फीचर फिल्म हो या शॉर्ट फिल्म, हमें उनका आस्वादन मात्र नहीं करना चाहिए बल्कि उसमें छिपे संदेश को स्वयं तो आत्मसात करना ही चाहिए, साथ ही उस संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सिनेमा एक बार पुन: सही दिशा की ओर बढ़ता हुआ दिख रहा है। हमें सकारात्मक सिनेमा को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही झूठे विमर्श को गढऩे का प्रयास करने वाली फिल्मों को नकारना भी आवश्यक है।
मुख्य अतिथि तोमर ने ग्वालियर-चंबल अंचल में फिल्म क्षेत्र में निरंतर नए प्रयोगों एवं एवं क्रांतिकारी बदलावों पर खुशी जाहिर की। सिकरवार ने युवा निर्माता-निर्देशकों को अधिक से अधिक भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता को समाज के बीच लाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत उमेश गोंजे, फिल्म निर्माता अभिजीत प्रधान, डॉ. रूबी गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का संचालन नारायण पिरोनिया एवं आभार मनीष मांझी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी, फिल्म निर्माता, कलाकार मौजूद रहे।
