भोपाल, 28 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि विद्यार्थियों में जो ऊर्जा देखने को मिल रही है, वह उत्साहवर्धक है। यहां किसानों और व्यवसाय से जुड़े परिवारों के बच्चें भी अध्ययन कर रहे हैं और उन्हें विभिन्न संस्थानों में आकर्षक प्लेसमेंट प्राप्त हुआ है।
डॉ. यादव शुक्रवार को टीआईटी (टेक्नोक्रेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी) भोपाल में प्लेसमेंट डे कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे इससे भी बड़े पैकेज प्राप्त करते हुए जीवन में प्रगति करेंगे। साथ ही राष्ट्र की सेवा करेंगे। विद्यार्थी अपना उद्योग और व्यवसाय भी स्थापित कर सकते हैं। ईश्वर की कृपा एेसे बच्चों पर रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी श्री एलन मस्क (अमरीकी उद्योगपति) को जानते होंगे, जो कि एक बहुत सफल व्यक्ति होकर वर्तमान में अमेरिका के राष्ट्रपति के “सीनियर एडवाइजर” हैं। मेरी कामना है कि भारत के विद्यार्थी भी एलन मस्क जैसे व्यक्तित्व से आगे बढ़कर प्रगति करें और दुनिया में भारत का परचम लहराएं।
