शासकीय राशि डकारने वाले पूर्व सरपंच, सचिवों का गिरफ्तारी वारंट जारी

खंडवा। जिला प्रशासन ने पंचायतों में निर्माण कार्यों के नाम पर शासकीय राशि का गबन करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा ने जनपद पंचायत पंधाना और खालवा के तत्कालीन सरपंच व सचिवों द्वारा लाखों रुपये की वसूली जमा न करने पर उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। मामला पंधाना जनपद पंचायत का है, जहाँ ग्राम पंचायत गुड़ीखेड़ा और गोड़वाड़ी में तत्कालीन सचिव कोमलराम सांगुले ने गंभीर वित्तीय अनियमितता की। सचिव ने गुड़ीखेड़ा में श्मशान घाट की बाउंड्रीवॉल और गोड़वाड़ी में सीसी रोड व नाली निर्माण के नाम पर क्रमश: 2 लाख 98 हजार 500 रुपये और 1 लाख 500 रुपये की राशि आहरित कर ली, लेकिन मौके पर कार्य ही नहीं कराया। म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम धारा 92 के तहत सचिव की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया है। इसी तरह की कार्रवाई खालवा विकासखंड की ग्राम पंचायत कुंदईमाल के जिम्मेदारों पर भी की गई है। यहाँ वर्ष 2019-20 में सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत 3 लाख 64 हजार 730 रुपये की राशि तत्कालीन सचिव योगेश पटेल और तत्कालीन सरपंच मनुकाबाई ने आहरित कर ली थी, किंतु सडक़ का निर्माण नहीं कराया। इस मामले में भी धारा 89 के तहत वसूली का आदेश पारित किया गया था। राशि जमा न करने और आदेश की अवहेलना करने पर सीईओ डॉ. गौड़ा ने सरपंच और सचिव दोनों के खिलाफ जेल वारंट जारी कर दिया है।

Next Post

समय पर परीक्षा और परिणाम घोषित करने के निर्देश, अकादमिक कैलेंडर का होगा अक्षरशः पालन

Tue Feb 3 , 2026
सतना /चित्रकूट। रजत जयंती भवन स्थित बोर्ड रूम में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की मासिक बैठक कुलगुरु प्रो आलोक चौबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर अकादमिक, परीक्षा, प्रशासनिक और वित्त गतिविधियों के समयबद्ध संचालन हेतु अनेक निर्णय लिए गए। कुलगुरु प्रो आलोक चौबे […]

You May Like

मनोरंजन