बिजली चोरी पकड़ने पहुंचे अमले से अभद्रता के आरोपी पुलिस के भय से फरार

सीहोर. मेवातीपुरा में चैकिंग करने पहुंचे विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री और अमले के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन कार्रवाई के भय से सभी आरोपी घरों से ताला लगाकर फरार हो गए हैं. इधर मेवातीपुरा की कुछ महिलाओं ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना कोतवाली पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया था लेकिन वह कारगर साबित नहीं हो सका.

गौरतलब है कि बुधवार की शाम विद्युत कंपनी के सहायक यंत्री अतुलेश सिंह स्टाफ के साथ कस्बा स्थित मेवातीपुरा में चैकिंग करने गए थे. इस दौरान एक घर में सर्विस केबल को क्रेक कर बिजली चोरी का मामला पाया जाने पर जब विद्युत अमले ने सर्विस केबल को निकाल लिया तो वहां मौजूद स्थानीय रहवासियों ने विरोध जताया. जब सहायक यंत्री पंचनामा बनाने के लिए मोबाइल से वीडियो बना रहे थे तब कुछ युवकों ने अभद्रता करते हुए उनका मोबाइल छीन लिया था. इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने एसपी कार्यालय में विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी के खिलाफ ज्ञापन भी सौंपा था, जबकि अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार के बाद सहायक यंत्री अतुलेश सिंह ने कोतवाली में पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया था.

कोतवाली पुलिस ने एई के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए मेवातीपुरा स्थित उनके घरों पर दबिश डाली, लेकिन कार्रवाई से बचने के लिए वह घरों पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं. टीआई रविन्द्र यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है. इधर गुरुवार को मेवातीपुरा की कुछ महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर विद्युत कंपनी के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन उनका यह प्रयास कारगर साबित नहीं हो सका.

 

Next Post

खतरे का सफर: परोलिया में रपटे पर पानी के ऊपर से स्कूल जाते हैं बच्चे

Fri Jul 18 , 2025
जीरापुर। कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जीरापुर के समीपस्थ ग्राम परोलिया में नाले के रपटे पर बारिश का पानी आने से आवागमन बाधित होकर जोखिम भरा बना हुआ है. इसी पानी के बीच से होकर ग्रामीणजन एवं स्कूल जाने वाले बच्चे आते-जाते […]

You May Like