जबलपुर:संसदीय क्षेत्र जबलपुर में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सांसद आशीष दुबे को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने सर्वोच्च न्यायालय के टीईटी संबंधी निर्णय के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर करने, सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति से करने तथा ग्रेच्युटी सहित अन्य लाभ प्रदान करने की मांग उठाई। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 23 के तहत पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने, 1 सितंबर 2025 के निर्णय के विरुद्ध अध्यादेश लाने तथा पात्रता परीक्षा के लिए पर्याप्त अवसर देने की बात कही गई।
सांसद आशीष दुबे ने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस आंदोलन में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के जगत पटेल, अजय रजक, संध्या अवस्थी, सारिका अग्रवाल, गोविंद बिसेन, नितिन अग्रवाल, विवेक रंजन शुक्ला, प्रदीप पटेल, ज्योत्सना उपाध्याय, भूमिका पटेल, साधना डंभारे, विनीता सिंह, श्रुति जैन, सोनाली नामदेव, निशा पाठक, शैलेश पंड्या, गणेश उपाध्याय सहित सैकड़ों शिक्षक और मातृशक्ति शामिल रहे। इसके साथ ही जिले के सभी ब्लॉक व तहसील मुख्यालयों पर रैलियां निकालकर ज्ञापन सौंपे गए। आंदोलन के अगले चरण में 18 अप्रैल को भोपाल में बड़े प्रदर्शन की घोषणा की गई है।
