इटारसी। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर चौरिया कुर्मी समाज के 22 नवयुगल जोड़ों का सामूहिक आदर्श विवाह विराट सम्मेलन के माध्यम से कृषि उपज मंडी प्रांगण इटारसी में संपन्न होगा। सामूहिक आदर्श विवाह सम्मेलन को लेकर समाज की प्रतिनिधि संस्था नर्मदांंचल चौरिया कुर्मी समाज सेवा समिति की समीक्षा बैठक कृषि उपज मंडी के माता मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
समिति के अध्यक्ष शंभू दयाल पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अनेक निर्णय लिए जिसके तहत समाज का यह आयोजन समाज की रीति नीति एवं परंपरा के अनुसार दो दिवसीय होगा। 29 अप्रैल मंगलवार को सामूहिक माता पूजन का कार्यक्रम संयोजक ग्राम चिल्लई में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। शाम को 7 बजे से कार्यक्रम स्थल मंडी प्रांगण इटारसी में भगवान सत्यनारायण की कथा और सामूहिक मंडप्पाछादन होगा।
मुख्य आयोजन 30 अप्रैल दिन बुधवार को कृषि उपज मंडी प्रांगण में ही सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम समस्त दूल्हे राजाओं की सामूहिक बारात गाजे, बाजे के साथ निकाली जाएगी। सुबह 10 बजे द्वाराचार होगा एवं ठीक दोपहर 12 बजे से पाणिग्रहण संस्कार एवं सामूहिक प्रीतिभोज के कार्य प्रारंभ होंगे।
