
देवास। बेटी की तबीयत खराब थी, उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की उम्मीद में परिवार घर से निकला था, लेकिन रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ कि मां-बेटी दोनों की जिंदगी खत्म हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे भोपाल बायपास चौराहे पर तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 41 वर्षीय मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी 19 वर्षीय बेटी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, निपानिया निवासी पप्पूसिंह अपनी रिश्तेदार शादीखेड़ा निवासी शांताबाई कुशवाह और उनकी बेटी पायल को बाइक पर बैठाकर देवास आ रहे थे। पायल पिछले कुछ दिनों से बीमार थी और उसका उपचार करवाने के लिए परिवार निकला था। इसी दौरान भोपाल बायपास चौराहे पर तेज गति से आए दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में शांताबाई को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पायल गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
