मॉन्ट्रियल, 30 अक्टूबर (वार्ता) कनाडा में मॉन्ट्रियल शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन यूरोपीय संघ (ईयू) और कनाडा ने शुक्रवार को अपने संबंधों को नए ऐतिहासिक स्तर पर ले जाने के लिए रणनीतिक समझौते पर मुहर लगा दी। यह समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापारिक और विदेश नीतियों से पैदा हुई चुनौतियों के बीच किया जा रहा है। मॉन्ट्रियल में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों ने व्यापार, ऊर्जा, आपूर्ति शृंखला, एआई और सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग का विस्तार करने की घोषणा की है।
सीडी हॉव इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दोनों देशों के बीच संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कनाडा को यूरोपीय संघ की सदस्यता के निकटतम स्तर पर लाने और एक स्थायी भविष्य के लिए मजबूत गठबंधन बनाने की घोषणा की।
चीन पर निर्भरता घटाने और रूसी आपूर्ति को बदलने के लिए कनाडा ने यूरोप को महत्वपूर्ण कच्चे माल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का निर्यात बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। इसके बदले यूरोपीय संघ होराइजन और इरास्मस जैसे अपने प्रमुख कार्यक्रमों में कनाडा की भागीदारी का विस्तार कर रहा है।
यूक्रेन के 2027 के बजट में बने 70 अरब यूरो के घाटे को पूरा करने के लिए यूरोपीय संघ ने दो-तिहाई राशि देने का वादा किया और शेष एक-तिहाई हिस्से की व्यवस्था के लिए कनाडा समेत अन्य सहयोगियों से अतिरिक्त वित्तीय सहायता जुटाने की अपील की।
गठबंधन के महत्व को दर्शाते हुए यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, उच्च प्रतिनिधि काजा कलास और नौ यूरोपीय आयुक्तों ने शिखर सम्मेलन में भाग लिया। दोनों पक्षों ने अगले वर्ष कनाडाई कैबिनेट और यूरोपीय आयोग के बीच एक संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की।

