ग्वालियर। थाना झांसीरोड पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। सायबर ठग के बैंक खाते में कई अन्य फरियादियों की शिकायत पर लाखों रुपये का होल्ड लगा है।
सायबर ठग के बैंक ख़ाता में लाखों रुपये का लेनदेन किया गया है। 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर की गई शिकायत पर से आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। निवेश कर अच्छे मुनाफा का लालच देकर यह धोखाधड़ी की गई थी।
फरियादी विजय कुमार सिंधी, निवासी श्रीराम कॉलोनी झांसीरोड, ग्वालियर ने थाने में अपने साथ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रकरण की विवेचना के दौरान साइबर तकनीक की सहायता से धोखाधड़ी की राशि प्राप्त करने वाले बैंक खाते की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आए खाताधारक प्रवीण खटीक पुत्र बलराम खटीक, उम्र 32 वर्ष, निवासी डी-29, सोहना चुंगी के पास, लाइनपुरा, पलवल (हरियाणा) को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। थाना झांसीरोड पुलिस द्वारा प्रकरण में फरियादी की ठगी गई संपूर्ण राशि 2,00,000 रुपये वापस कराई गई। प्रकरण में अन्य तथ्यों एवं संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।
