
इंदौर. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नारकोटिक्स विंग ने लसूड़िया क्षेत्र में कार्रवाई कर 52.32 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है. इसकी कीमत करीब 7.84 लाख रुपए बताई गई है. मौके से एक बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है.
नारकोटिक्स विंग को मुखबिर की सूचना पर जेट सिटी कॉलोनी के सामने देवास की ओर जाने वाले सर्विस रोड के अंडरब्रिज के पास कार्रवाई की. यहां से 25 वर्षीय आरोपी अफसर खान निवासी ग्राम गैलाना, थाना सुसनेर, जिला आगर मालवा को पकड़ा. तलाशी में उसके कब्जे से 52.32 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है. मामले में आगे की जांच की जा रही है. उप पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह हाड़ा ने बताया कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए 15 दिवसीय राज्य स्तरीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई. मादक पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े लोगों के संबंध में जांच की जा रही है.
