
इंदौर. हीरानगर थाना क्षेत्र के कबीटखेड़ी में पुलिस ने 10 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. हंस ग्रीन कॉलोनी के पास गश्त के दौरान पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्धों की जांच कर रही थी, इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में खड़ा दिखाई दिया. पुलिस को अपनी ओर आता देख वह भागने लगा. तलाशी लेने पर उसके पास पारदर्शी पॉलीथीन में भूरे-मटमैले रंग का पाउडर मिला, जिसे ब्राउन शुगर बताया है, पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है. नशे की अवैध बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
