दीवार तोड़ गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा

सिंगरौली : एनसीएल परियोजना के अमलोरी स्थित इंडेन गैस गोदाम की दीवार में सेंध लगाकर एलपीजी सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का नवानगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छ: भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मामले में एक सिलेंडर की तलाश जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई थाना प्रभारी राकेश साहू के नेतृत्व एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार अमलोरी गैस गोदाम के प्रभारी कृष्णा मल्लाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई की शाम गोदाम बंद किया गया था। अगले दिन सुबह सुरक्षा प्रहरी ने गोदाम की पीछे की दीवार में सेंध लगने की सूचना दी। जांच में सात भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर गायब मिले, जिनकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई। इस पर बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पृथ्वीलाल कुशवाहा उम्र 36 वर्ष एवं जितेन्द्र कुमार विश्वकर्मा उम्र 26 दोनों निवासी ग्राम कचनी थाना बैढ़न को गिरफ्तार किया। पूछतांछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से छ: भरे गैस सिलेंडर जब्त किए गए। आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविन्द चतुर्वेदी, प्रआर सतीश मिश्रा, बृजेन्द्र यादव तथा आर प्रशांत सिंह, प्रकाश सिंह, गुड्डू सिंह, सरोज कुशवाहा और अखिलेश कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

Next Post

बिजली कटौती से बेहाल आमजन में पनपा आक्रोश

Sun Aug 2 , 2026
बुधनी। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है. दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली गुल होने, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उमस भरी गर्मी के बीच […]

You May Like