
छतरपुर। एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ई-रिक्शा में 20 लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि छह सीटर ई-रिक्शा को ड्राइवर ने पीछे एक अतिरिक्त सीट लगाकर 20 लोगों की सवारी के लायक बना दिया है।
वीडियो में महिलाएं पीछे की सीटों पर बैठी हैं, जबकि पुरुष ड्राइवर की सीट तक ठुंसे हुए नजर आते हैं। एक युवक तो इस तरह लटका हुआ है कि उसका एक पैर सड़क पर घिसटता जा रहा है। यह दृश्य छतरपुर के पन्ना रोड का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है, ऐसे ओवरलोडेड ई-रिक्शा रोजाना सड़कों पर चलते देखे जा सकते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश में पहले भी कई हादसे ओवरलोड ई-रिक्शा की वजह से हो चुके हैं। हाल ही में भोपाल में एक ओवरलोड ई-रिक्शा पलट गया था, जिसमें कई लोग घायल हुए और एक 60 वर्षीय महिला की पसलियां टूट गई थीं।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने मुख्य सड़कों पर ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध लगाकर उन्हें केवल रिहायशी इलाकों तक सीमित कर दिया था।
