पहलगांव हमला: सुशील नथानियल का इंदौर में होगा अंतिम संस्कार

पत्नी अस्पताल में भर्ती, बेटी का कश्मीर में इलाज
इंदौर: कश्मीर की बैसरन घाटी, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में इंदौर के एक और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार दोपहर हुए इस हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई, जिनमें इंदौर के सुखलिया क्षेत्र निवासी सुशील कुमार नथानियल भी शामिल हैं।घटना के बाद मंगलवार सुबह कलेक्टर आशीष सिंह स्वयं सुशील नथानियल के अभिनंदन नगर स्थित निवास पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। कलेक्टर ने शव को इंदौर लाने की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार इंदौर में ही किया जाएगा।

सुशील की बेटी आकांक्षा को भी इस आतंकी हमले में गोली लगी है और उसका इलाज कश्मीर में ही जारी है। वहीं, पत्नी जेनिफर मानसिक आघात और तनाव के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के भयावह मंजर को देखने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।जानकारी के अनुसार, सुशील मूल रूप से जोबट (जिला अलीराजपुर) के रहने वाले थे और करीब 30 वर्ष पहले इंदौर आकर बस गए थे। वे वर्तमान में अलीराजपुर की एलआईसी सैटेलाइट शाखा में पदस्थ थे।
इंदौर से भी निकले थे पर्यटक, बदले यात्रा के प्लान
हमले के कुछ घंटे पहले ही इंदौर से कई पर्यटक कश्मीर के लिए रवाना हुए थे। मालवा एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में लोग निकले थे, जिनमें बांगड़दा क्षेत्र के लोग भी शामिल थे। जैसे ही उन्हें आतंकी हमले की खबर मिली, कई लोगों ने यात्रा रद्द कर वापस लौटने का निर्णय लिया, जबकि कुछ ने अपने कार्यक्रम में बदलाव कर यात्रा को जारी रखा।

Next Post

सुमित्रा महाजन के बेटे के नाम पर ठगी का प्रयास

Wed Apr 23 , 2025
बैंक मैनेजर की सतर्कता से टली कोशिश इंदौर: पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के बेटे मिलिंद महाजन के नाम पर फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। एक अज्ञात ठग ने खुद को मिलिंद महाजन बताकर मिडवेस्ट ऑटो मोबाइल कंपनी के खाते से लाखों रुपए निकालने की कोशिश की। हालांकि […]

You May Like