अमित शाह ने हिडमा को 30 नवम्बर तक खत्म करने का निर्देश दिया था, 12 दिन पहले ही मारा गया

नयी दिल्ली 18 नवम्बर (वार्ता) सुरक्षा बलों ने मोस्ट वांटेड नक्सली ‘कमांडर’ मदवी हिडमा को जिस तरह 30 नवंबर की समय सीमा से 12 दिन पहले ही मार गिराया और नक्सलियों के खिलाफ जिस तरह से अभियान चल रहा है उससे लगता है कि देश से वामपंथी उग्रवाद का सफाया भी आगामी मार्च से पहले ही होने की संभावना है।

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा से संबंधित एक बैठक में मदवी हिडमा को 30 नवम्बर तक खत्म करने के निर्देश दिये थे। सुरक्षा बलों ने इस निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 44 वर्षीय नक्सली नेता को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के त्रि-जंक्शन पर स्थित घने पुल्लागंडी जंगलों में मार गिराया।

सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने देश से माओवादी समस्या के उन्मूलन के लिए अगले वर्ष 31 मार्च की समय सीमा तय की है लेकिन जिस तरह से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चल रहे हैं उससे वामपंथी उग्रवाद के इस समय सीमा से पहले ही खत्म हो जाने की संभावना है।

वर्ष 1981 में सुकमा में जन्मा हिडमा पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) की बटालियन का कमांडर और माओवादी केंद्रीय समिति का सदस्य था। सूत्रों का कहना है कि ऐसा माना जाता था कि वह बस्तर से इस शीर्ष नेतृत्व समूह का हिस्सा बनने वाला एकमात्र आदिवासी सदस्य था। वह 26 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल था जिससे वह सबसे खूंखार नक्सलियों में शुमार था।

 

 

Next Post

सीओपी 30: भारत ने विकसित देशों से प्रतिबद्धताओं का पूरा करने का किया आग्रह

Tue Nov 18 , 2025
बेलेम (ब्राज़ील), 18 नवंबर (वार्ता) भारत ने विकसित देशों से जलवायु परिवर्तन के प्रति अधिक महत्वाकांक्षा प्रदर्शित करने और जलवायु वित्तपोषण के संदर्भ में अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का आग्रह किया है। सीओपी 30 के एक उच्च-स्तरीय सत्र को सोमवार को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु […]

You May Like