
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र में वाहनों में तोड़फोड़ और गुंडागर्दी करने वाले सूचीबद्ध बदमाशों को पुलिस ने थाने बुलाकर उनके डोजियर फॉर्म भरवाए. इस दौरान उनके वर्तमान निवास, व्यवसाय और दैनिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई. थाना प्रभारी ने बदमाशों और उनके परिजनों को चेतावनी दी कि दोबारा अपराध में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने बदमाशों का रिकॉर्ड अपडेट करने और उनकी मौजूदा गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यह प्रक्रिया की. थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने उन्हें क्षेत्र में दहशत फैलाने, लोगों को परेशान करने और वाहनों में तोड़फोड़ जैसी गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी. उन्होंने बदमाशों ने परिजनों के सामने भविष्य में अपराध नहीं करने की बात कही. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर के सभी थानों में आदतन अपराधियों और हुड़दंगियों का रिकॉर्ड अपडेट किया जा रहा है. तोड़फोड़ और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
