
सागर। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें कई शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान शासकीय उमावि रजवांस में 26 में से 10 नियमित तथा 7 अतिथि शिक्षक अनुपस्थित रहे। डीईओ ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकने और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
श्री जैन ने सांदीपनि विद्यालय बांदरी का निरीक्षण कर 15 अगस्त तक कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशानुसार नए भवन में कक्षाएं संचालित करने को कहा। वहीं, पाली रैयतवाड़ी हाई स्कूल में सभी शिक्षक उपस्थित और शिक्षण कार्य में संलग्न पाए गए। अनुपस्थित शिक्षकों में संजीव कुमार जैन, भारती कबीरपंथी, रामनरेश सिंह ठाकुर, ब्रजेश कुमार प्रजापति, सुभाष जैन, प्रतिभा राजपूत, सुनीता अहिरवार, शशिकांत पाठक, प्रहलाद अहिरवार और रामकुंअर नामदेव शामिल हैं।
