
सिंगरौली । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से संचालित बैंक खाते के जरिए करीब 2.37 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने भोपाल से तीन और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सिंगरौली जिले के मोरवा और बरगवां के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई अमेज कार बरामद की है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी सहित अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यूपी सोनभद्र जिले केे एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि समन्वय जेएमआईएस पोर्टल पर सत्य सनातन ट्रस्ट से जुड़े बैंक खातों की जांच में 35 शिकायतों के माध्यम से करीब 11.63 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी की जानकारी सामने आई। आरोप है कि ठगी की रकम ट्रस्ट के खाते में मंगाई जाती थी और इसके बदले ट्रस्ट के अध्यक्ष को 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था, जबकि शेष रकम आपस में बांट ली जाती थी। इसलिए 2.37 करोड़ रुपये को बरामद रकम नहीं, बल्कि खाते में प्राप्त धनराशि बताया गया है।
भोपाल के अयोध्या नगर से दबोचे गये आरोपी
पुलिस के मुताबिक 25 अक्टूबर को भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में सी-सेक्टर तिराहे पर यादव टी-स्टाल के पास से जय कुमार पाण्डेय उम्र 35 वर्ष निवासी तिरुपति होम्स, भोपाल स्थायी निवासी न्यू देवराज नगर, सतनाय राजेश पोद्दार उम्र 46 वर्ष निवासी सागर लेक व्यू होम, भोपाल स्थायी निवासी आदर्श नगर-मोरवा और बब्बू प्रसाद प्रजापति उम्र 27 वर्ष निवासी सागर लेक व्यू होम, भोपाल स्थायी निवासी गोदवाली-बरगवां, को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 25 अक्टूबर को मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश सहित तीन लोगों को दुद्धी रेलवे स्टेशन मार्ग से तथा 26 अक्टूबर को प्रवेश राज सिंह और जोनसीन क्रिशायान उर्फ राजेश कुमार को रनटोला तिराहे से गिरफ्तार किया गया था।
