भागीरथपुरा में हालात गंभीर: दूषित पानी से 21वीं मौत, 41 नए मरीज भर्ती 

इंदौर. भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से फैले जलजनित संक्रमण ने एक और जान ले ली. शनिवार को एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान 50 वर्षीय महिला सुनीता वर्मा की मौत हो गई. वह 7 जनवरी से भर्ती थी और उपचार के दौरान किडनी डैमेज होने की पुष्टि सामने आई है. इस मौत के साथ ही संक्रमण से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है. वहीं शनिवार को आईसीयू में 11, वेंटिलेकर पर 4 व अन्य वार्डों में 41 मरीज भर्ती हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है.

वर्तमान में 11 मरीज आईसीयू में इलाजरत हैं. अब तक कुल 420 मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं, जिनमें से 379 मरीजों का उपचार कर उन्हें घर भेजा जा चुका है. जबकि 41 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है. शनिवार को डायरिया के 27 मरीज ओपीडी में आए, जिनमें से 5 को गंभीर स्थिति के चलते रेफर किया. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी ने बताया कि गंभीर मरीजों को एमवाय अस्पताल, अरविंदो अस्पताल और बच्चों को चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है. क्षेत्र में तीन एंबुलेंस तैनात हैं और चिकित्सकों की 24×7 ड्यूटी लगाई है.

इधर हालात का जायजा लेने शनिवार को अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और अनुपम राजन भागीरथपुरा पहुंचे। उनके साथ कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित प्रशासन, निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने जल आपूर्ति, स्वच्छता, ड्रेनेज और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सुधार कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में ‘अभियान स्वास्थ्यवर्धन’ चलाया जा रहा है. इसके तहत 51 स्वास्थ्य दलों के 204 सदस्यों ने 1018 घरों का सर्वे किया. घर घर जाकर उल्टी दस्त से पीड़ित मरीजों और संक्रमण से स्वस्थ हुए लोगों का फॉलोअप किया. इस दौरान हीमोग्लोबिन, शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच के साथ वजन और ऊंचाई मापी गई. 1018 परिवारों को ओआरएस जिंक किट वितरित की गईं और स्वास्थ्य परामर्श दिया. प्रशासन का दावा है कि सतत निगरानी, उपचार और जागरूकता के जरिए स्थिति पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए हैं.

Next Post

अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई ,दो घायल , भर्ती

Sat Jan 10 , 2026
सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया । घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी […]

You May Like

Play sound