
सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया । घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सड़क पर आए एक बच्चे को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ है। बताया गया है कि मझौली निवासी नागेंद्र कुमार कोल और सीताराम कोल शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बाजार से सामान खरीदने बाइक से जा रहे थे। तभी रास्ते में अचानक एक बच्चा सड़क पर दौड़ लगा दिया। बच्चे को बचाने के लिए बाइक सवारों ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर गए। जिससे उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया था, जिनका उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
