सीधी: चुरहट वासियों का दशकों बाद रेल का सपना साकार हुआ और उम्मीदों को पंख लगे। ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत रीवा-चुरहट रेलखंड 65 किलोमीटर का भव्य उद्घाटन हुआ। हरी झण्डी दिखाकर 3:30 बजे से चुरहट से मेमू ट्रेन रवाना की गई।
विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में 24 अक्टूबर 2026 का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। सतना-देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर तथा रीवा-चुरहट के 65 किलोमीटर रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। इस उपलब्धि के साथ सीधी जिले का रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र पहली बार रेल सेवा से जुड़ गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन का नया साधन मिलने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। नागौद से नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, सतना सांसद गणेश सिंह तथा नागौद विधायक नागेंद्र सिंह ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड को नई रेल सेवा की सौगात मिली है जिससे दीपावली की रौनक और बढ़ गई है। अब तक रेल सेवा से वंचित रहे क्षेत्र विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख जिलों को जोड़ेगी तथा विकास के नए अवसर खोलेगी।
खनिज संसाधनों से समृद्ध इस क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए विकास की लाइफलाइन जुडऩे का दिन है। इस क्षेत्र के लोगों का रेल कनेक्टिविटी का सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में दूरस्थ अंचलों तक सडक़ नेटवर्क का विस्तार किया गया, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज सपनों के साकार होने का ऐतिहासिक दिन है। वर्ष 2016 में तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने जिस रेल परियोजना की नींव रखी थी, वह वर्ष 2026 में साकार हो रही है। यह रेल लाइन प्रदेश की ऊर्जाधानी सिंगरौली को रीवा और सतना के सीमेंट उद्योगों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रेल आने से चुरहट का होगा चहुंमुखी विकास: डॉ.राजेश
सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि आज जिले में विकास की गाथा लिखी जा रही है और हम सभी इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बन रहे हैं। लंबे इंतजार और निरंतर प्रयासों के बाद यह ऐतिहासिक अवसर आया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार दिसम्बर 2026 तक रेल लाइन को सीधी तक तथा वर्ष 2028 तक सिंगरौली तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी बढऩे से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा। स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
चुरहट में ट्रेन देख बच्चे हुये खुश
रेलवे स्टेशन चुरहट में आज मेमू ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। भीड़ में काफी संख्या में बच्चे भी शामिल थे। यह बच्चे पहली मर्तबा नजदीक से ट्रेन को देखने के इच्छुक थे। मेमू ट्रेन को रेलवे स्टेशन में खड़ा देखकर बच्चे सबसे ज्यादा उत्साहित नजर आये।
इनका कहना है
चुरहट से मेमू ट्रेन का आज शुभारंभ होना ऐतिहासिक एवं सुखद अनुभूति का क्षण है। इसका लोग काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। ट्रेन का शुभारंभ होने पर समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर व्याप्त है।
एड.रंजना मिश्रा, ममदर चुरहट यात्री
मुझे सतना जाना था, इस वजह से आज चुरहट से पहली मर्तबा प्रारंभ होने वाली मेमू ट्रेन में सवार हुआ। ट्रेन चलने से समूचे क्षेत्र का विकास होगा, व्यवसाई एवं रोजगार की गतिविधियां बढ़ेंगी। चुरहट से चलने वाली इस ट्रेन में सफर का अच्छा अनुभव महसूस हुआ।
रामसखा गौतम,यात्री सीधी
चुरहट से ट्रेन चलने से काफी तेजी से विकास होगा। माल ले आने-जाने में सुविधा होगी। व्यवसायिक गतिविधियों को काफी लाभ मिलेगा साथ ही लोगों को भी आने-जाने का व्यवस्थित साधन मिला है। मैं स्वयं सतना की यात्रा कर रहा हूं।
प्रणय कुमार सिंह, निवासी बडख़रा चुरहट यात्री
