सतना:सतना जिले के चित्रकूट का समग्र विकास राज्य शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता का विषय है। चित्रकूट के समग्र विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यटन के आकर्षण, प्राकृतिक सौन्दर्य को कायम रखते हुए धार्मिक और आध्यात्मिक विकास के लिए केन्द्र और राज्य शासन द्वारा स्वीकृत लगभग 2800 करोड रूपये लागत के विकास परियोजनाओं के कार्य चल रहे हैं।
कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने शुक्रवार को चित्रकूट नगर पंचायत के सभाकक्ष में संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसी की बैठक लेकर चित्रकूट विकास के कार्यो की समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण बीआर सिंह, सीएमओ नगर पंचायत चित्रकूट अंकित सोनी, तकनीकी अधिकारी स्मार्ट सिटी दीपेन्द्र सिंह, अंशुमान सिंह, एमपीटीसी के अमित तिवारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
चित्रकूट समग्र विकास के चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि विकास परियोजनाओं के कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किये जायें। उन्होंने कहा कि अधिकांश निर्माण और विकास कार्यों की पूर्णता की सीमा मार्च 2026 नियत है। कार्यों में तेजी लाकर इन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के प्रयास करें। कमिश्नर ने कहा कि कार्य पूर्ण करने की निर्धारित समय-सीमा के अनुसार साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य पूर्ण किये जाये।
चित्रकूट के समग्र विकास के विभिन्न एजेसियों द्वारा सभी निर्माण कार्य एक साथ संचालित किये जा रहे हैं। एक-दूसरे विभाग के समन्वय के साथ एडवांस प्लानिंग बनाते हुए कार्यो को पूरा करें। ताकि निर्माण और विकास के कार्यो में किसी भी प्रकार की रूकावट नहीं आयें और ये निर्बाध रूप से चलते रहने चाहिए। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि चित्रकूट के विकास कार्यो की समीक्षा साप्ताहिक रूप से उनके द्वारा स्वयं वाट्सअप ग्रुप में की जायेगी। जिन विभागों की प्रगति तय समय से पीछे होगी उन्हें रेड जोन में रखा जायेगा। नगर पंचायत के सब इंजीनियर कमलराज की बैठक में अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिये गये
