
ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित गायत्री विहार कॉलोनी में उधारी के पैसे मांगने गए एक निजी हॉस्पिटल के संचालक को जान से मारने की धमकी देने और बंदूक तानने का मामला सामने आया है।
आरोप लगा है कि कर्जदार ने पैसे लौटाने के बजाय गाली-गलौज की और घर की खिड़की से बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना गायत्री विहार कॉलोनी की है, मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का एक फुटेज भी सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी का दोस्त भी बंदूक लेकर अस्पताल संचालक के पीछे दौड़ पड़ा। डॉक्टर ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी के दोस्त ने ही उधार दिए रुपए वापस लेने के लिए फोन कर उन्हें बुलाया था।
दुर्गा इंक्लेव, सीपी कॉलोनी मुरार निवासी अजय शर्मा एक निजी हॉस्पिटल के संचालक हैं। अजय शर्मा के मुताबिक, कृष्णकांत शर्मा पर उनके उधारी के पैसे निकल रहे थे। कुछ समय पहले कृष्णकांत ने उनसे 9 लाख रुपए उधार लिए थे, जो वह लौटा नहीं रहा है।
