सीधी।पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि प्रदेश के नगरीय निकायों, नगर निगम, नगर पालिका और नगरीय विकास विभाग में बड़े पैमाने पर और सुनियोजित तरीके से करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है| इसने यह साबित कर दिया है कि वर्तमान सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।उन्होंने कहा नगरीय विकास मंत्री को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाए या वे स्वयं इस्तीफा दें| उच्च स्तरीय संरक्षण के बिना विभाग में इतनी बड़ी धांधली मुमकिन नहीं है।
अजय सिंह ने कहा कि सरकारी आंकड़ों और स्वयं विभाग के बड़े अधिकारियों के बयानों से साफ हो चुका है कि इस महाघोटाले में अब तक 392 अधिकारी और कर्मचारी लिप्त पाए गए हैं, जिनमें से 135 मुख्य नगरपालिका अधिकारी शामिल हैं। यह बेहद शर्मनाक है कि जनता के खून-पसीने की कमाई, जो टैक्स के रूप में सरकारी खजाने में जमा होती है, उसे इतने बेरहम तरीके से लूटा जा रहा है। नगरीय निकायों में 306 रूपये की एलईडी लाइट को 11हजार 800 रुपये में खरीदना और 2 लाख रूपये के वाहन को 6 लाख रूपये में दिखाना इस बात का प्रमाण है कि लूट की कोई सीमा नहीं बची है।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर प्रदेश के सैकड़ों निकायों में एक साथ सुनियोजित भ्रष्टाचार बिना किसी उच्च स्तरीय मिलीभगत और राजनीतिक संरक्षण के कतई संभव नहीं है। नीचे से लेकर ऊपर तक हर कोई इस मलाई को बांटने में लगा हुआ है, जबकि प्रदेश की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।सिंह ने मांग की है कि इस पूरे महाघोटाले और इसमें शामिल बड़े चेहरों को बेनकाब करने के लिए माननीय उच्च न्यायालय की निगरानी में एक निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
