नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक के खिलाफ जारी आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के बाद शनिवार शाम यहां जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गयी।
जंतर-मंतर के आसपास तीन दिन से मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद थीं। इस दौरान पाबंदी कई बार बढ़ाई गयी थी।
सूत्रों ने बताया था कि सरकार की तरफ से आज रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद करने का निर्देश आया था, लेकिन आंदोलन समाप्त होने के बाद यह पाबंदी हटा ली गयी।
उल्लेखनीय है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट का प्रश्नपत्र लीक होने से आक्रोशित छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी सीजेपी के आह्वान पर पिछले कई दिनों से नयी दिल्ली के जंतर-मंतर धरनास्थल पर जुटे थे। सरकार व्यवस्था बनाये रखने की बात कहकर आसपास के इलाके में इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी लगा रखी थी।
सरकार के साथ दोपहर बाद हुई बैठक के बाद सीजेपी ने देश भर में तत्काल प्रभाव से आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। इसके बाद जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बहाल कर दी गयी।