
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में बुधवार को अपर महाप्रबंधक पी.के. खत्री और प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक एम.के. गुप्ता के सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। महाप्रबंधक, प्रधान मुख्य विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी और स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सहकर्मियों ने उनके साथ जुड़े अनुभव और संस्मरण भी साझा किए।
इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल, कोटा मंडलों तथा दोनों कारखानों के कुल 72 रेलकर्मी 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हुए। इनमें मुख्यालय के तीन कर्मचारी संजय गर्ग, अचलेश कुमार गर्ग और शिव कुमार वर्मा सहित जबलपुर मंडल के 17, भोपाल मंडल के 24, भोपाल कारखाना के 4, कोटा मंडल के 21 और कोटा कारखाना का एक कर्मचारी शामिल है। सेवानिवृत्त रेलसेवकों को संबंधित दस्तावेज प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा रेल प्रशासन की ओर से स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
