खैराकी वाटर फॉल में चट्टान से फिसलकर भंवर में फंसा युवक, बाल-बाल बची जान

मंडला. मंडला जिले के सिझोरा स्थित प्रसिद्ध खैराकी वाटर फॉल में एक दर्दनाक हादसा टल गया। चट्टान से फिसलने के बाद पानी के तेज बहाव में बह रहे एक युवक को वहां मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बचा लिया गया। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। बताया गया कि यह घटना बुधवार की है, जब बड़ी संख्या में पर्यटक खैराकी वाटर फॉल पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

बताया गया कि एक युवक झरने के पास चट्टान से फिसल गया और तुरंत ही पानी के तेज बहाव में बहने लगा। युवक कुछ ही सेकंड में चट्टानों के बीच बने भंवर में फंस गया। वाटर फॉल में मौजूद लोगों ने जरा भी देर न करते हुए बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अपने कपड़े और गमछे की मदद से साहस दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

वीडियो हुआ वायरल :

इस पूरी बचाव की घटना को किसी पर्यटक ने अपने कैमरे में कैद कर लिया था, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों का त्वरित और साहसी बचाव कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। फिलहाल फिसलने वाले इस युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

सुरक्षा इंतजाम की मांग :

वीडियो सामने आने और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए खैराकी वाटरफॉल जैसे लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि जलप्रपात के खतरनाक हिस्सों पर चेतावनी बोर्ड और लाइफ गार्ड्स की तैनाती आवश्यक है।

Next Post

शहर के बीचों-बीच मिली सरकारी एक्सपायरी दवाओं का ढेर

Fri Nov 7 , 2025
मंडला. जिला मुख्यालय के सुभाष वार्ड स्थित जैन मंदिर के सामने बड़ी संख्या में सरकारी फॉलिक एसिड और आयरन सिरप की एक्सपायरी बोतलें खुले में फेंकी हुई मिली हैं। इस चौंकाने वाली घटना ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए […]

You May Like