भोपाल। आईएसबीटी पर हुए उस भीषण अग्निकांड को बीते भले ही कुछ दिन बीत चुके हों, लेकिन उस हादसे का डर आज भी यहां के माहौल में साफ देखा जा सकता है। क्या उस घटना के बाद यहां सचमुच कोई सुधार हुआ है? इसी का रियलिटी चेक करने आज हम खुद आईएसबीटी बस स्टैंड पहुंचे।
यहां अगर प्रमुख रूटों पर बसों के आने-जाने और संचालन की बात करें, तो गाड़ियां तो अपने वक्त पर दौड़ रही हैं, लेकिन बस स्टॉप के अंदर का नजारा बदला हुआ है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ हमेशा की तरह बनी हुई है, पर लोगों के जेहन में उस आगजनी की घटना की दहशत साफ झलक रही है।
ग्राउंड पर हमने खुद देखा कि कई यात्री बस में बैठने से पहले खुद यह चेक कर रहे हैं कि कहीं लगेज या आसपास कोई लापरवाही तो नहीं बरती जा रही। लोग खुद आगे बढ़कर सुरक्षा की पड़ताल करते नजर आए।
जब हमने यात्रियों से उनकी परेशानी जानी, तो उनका कहना था कि सफर करना मजबूरी है, इसलिए वे आ रहे हैं, लेकिन बड़े हादसे के बाद भी बस स्टॉप की व्यवस्थाओं में कोई खास बदलाव जमीन पर नजर नहीं आ रहा है। लोग आज भी भगवान भरोसे ही सफर करने को मजबूर हैं।
कुल मिलाकर, बसों का आना-जाना तो जारी है, लेकिन लोगों का यह सफर अब भरोसे से ज्यादा डर और सावधानी के साए में हो रहा है।
